रामबाग में अवैध भांग फैक्ट्री पर आबकारी का छापा, 67 किलो भांग व मशीनरी जब्त
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश एवं सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने रामबाग क्षेत्र में अवैध भांग निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया। मुखबिर की सूचना पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी जहांगीर खान एवं निधि शर्मा के नेतृत्व में टीम ने एक मकान पर छापा मारकर 52 किलोग्राम गीली एवं 15 किलोग्राम सूखी भांग सहित कुल 67 किलोग्राम भांग जब्त की।
कार्रवाई के दौरान भांग पीसने में प्रयुक्त दो मिक्सर मशीनें, एक बड़ी मोटर तथा अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 96 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में आरोपी सन्नी पिता सत्यनारायण (28 वर्ष), निवासी रामबाग, इंदौर के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मीरा सिंह, बी.डी. अहिरवार, राजेश वट्टी, सृष्टि गिरवाल, मुख्य आरक्षक कोमल कनेल, तरुण जाट, कैलाश अखंडे, आरक्षक संगीता यादव एवं राशी सोलट की सराहनीय भूमिका रही।
सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने नागरिकों से अवैध भांग के निर्माण, संग्रहण, परिवहन या बिक्री की सूचना आबकारी विभाग को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा प्रत्येक सूचना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

