एन्काउंटर में मारा गया 'जल्लाद' दामाद: सास और साले की हत्या कर फरार अफसर खां ढेर

  • Share on :

बरेली। बरेली में अपनी सास और साले की हत्या करने वाले आरोपी अफसर खां पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सोमवार को हुए दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस की तीन टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को सुबह करीब छह बजे इज्जतनगर इलाके में पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की। इस पर आरोपी अफसर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। 
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी,उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। आरोपी से एक पिस्टल और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ है। मुठभेड़ स्थल पर दस खोखे बरामद हुए हैं, जिससे स्पष्ट है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर भारी फायरिंग की है। मुठभेड़ में दो सिपाही भी घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी में पारिवारिक विवाद को निपटाने के लिए चल रही पंचायत के दौरान अफसर खां (38) ने सोमवार को अपनी सास आसमां (50), साले आदिल (22) और पत्नी सायमा (30) पर चाकू से हमला कर दिया। इससे आसमां और आदिल की मौत हो गई, जबकि सायमा की हालत नाजुक है। वारदात के बाद खून से सना चाकू लहराते हुए आरोपी हवाई अड्डे की ओर भाग गया था। आरोपी की तलाश में तीन टीमें लगाई गई थीं। मंगलवार तड़के हुई मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी को ढेर कर दिया। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper