हरदा जिले में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 5 की मौत

  • Share on :

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में मगरधा रोड पर स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को धमाका हो गया। एक के बाद एक हुए कई धमाकों से फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही हैं। आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची है। फैक्ट्री के अंदर कई लोगों के फंसने की आशंका है। जिन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि अंदर कितने लोग फंसे हुए हैं। धमाका इतना भीषण था कि फैक्ट्री से आग का गुबार उठते हुए दिखाई दिया। इससे आसपास के लोग दहशत में आ गए हैं। एहतियातन आसपास की इमारतों को खाली कराया जा रहा है। वहीं 5 लोगों की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में आतिशबाजी के लिए रखे बारूद के संपर्क में आकर आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया। इसकी वजह से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। लोग इधर-उधर भागते नजर आए। फैक्ट्री से उठतीं आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता है। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। फिलहाल फैक्ट्री में आग लगने के कारण का पता नहीं चला है। बताया जा रहा है कि आसपास के घर भी आग की चपेट में आ गए हैं। मौके पर प्रशासन का अमला पहुंच रहा है।
अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। प्रशासन आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है जो अब हरदा जिले के बैरागढ़ इलाके में आसपास के 60 से अधिक घरों में फैल गई है। प्रशासन ने एहतियातन 100 से ज्यादा घरों को खाली करा लिया है। फैक्ट्री में लगातार धमाके हो रहे हैं। प्रशासन की मदद करने की कोशिश कर रहे एक स्थानीय निवासी धीरेंद्र सैनी ने कहा, 'फिलहाल, घटनास्थल से चार शव बरामद किए गए हैं और चार घायलों को अस्पताल भेजा गया है।'
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper