मुंबई में औरंगजेब के मकबरे पर भीड़ के धावा बोलने का डर, फोर्स तैनात; अलर्ट
मुंबई। समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी ने औरंगजेब के शासनकाल की पिछले दिनों तारीफ कर दी थी। उससे शुरू हुआ विवाद यहां तक पहुंच गया है कि औरंगजेब के मकबरे पर ही खतरा मंडराने लगा है। महाराष्ट्र के संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब के मकबरे पर भीड़ के धावा बोलने का खतरा है। इसके चलते अलर्ट जारी किया गया है और मकबरे के बाहर भारी फोर्स की तैनाती की गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि कई दक्षिणपंथी संगठनों ने मकबरे को ढहा देने की धमकी दी है। कई नेताओं ने भी ऐसा कहा है कि औरंगजेब के मकबरे को तो खत्म ही कर देना चाहिए और उसके लिए महाराष्ट्र की धरती पर जगह नहीं है। ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था का मसला न खड़ा हो जाए। इसे लेकर पुलिस अलर्ट है। यदि मकबरे तक भीड़ पहुंचने पाई तो फिर हालात बिगड़ सकते हैं। भीड़ के जुटने के बाद हालात संभालना मुश्किल होगा।
इससे बचाव के लिए ही मकबरे के लिए सीधी एंट्री पर रोक लगा दी गई है। अगले आदेश तक मकबरे में सीधे प्रवेश पर रोक है। यह मकबरा छत्रपति संभाजीनगर शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित खुलताबाद में स्थित है। फिलहाल रास्तों पर कोई रोक नहीं लगाई गई है, लेकिन मकबरे के ठीक बाहर स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। जवानों को आदेश है कि वे किसी को भी मकबरे में सीधी एंट्री न दें। पूरी जांच के बाद ही लोगों को अंदरद जाने दिया जाए। फिलहाल हर वक्त यहां पुलिस का पहरा है और मकबरे के ठीक बाहर कम से कम 6 जवानों तो ड्यूटी पर रहने को कहा गया है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान