भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी को लेकर आज दिल्ली में देंगे अंतिम रूप

  • Share on :

भोपाल। प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार सुबह से ही बैठक का दौर चला। इसमें सुबह विधायकों और सांसदों की वीसी के माध्यम से बैठक हुई। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों की भी बैठक हुई। शाम को भाजपा कोर ग्रुप की बैठक और देर रात चुनाव समिति की बैठक हुई। इसमें 23 सीटों के संभावित दावेदारों के नामों के पैनल पर चर्चा हुई है। इन सीटों पर सोमवार और मंगलवार को दो-दो नेताओं के ग्रुप बनाकर 23 लोकसभा सीटों पर रायशुमारी कराई। छह सीटों पर पहले ही रायशुमारी हो चुकी है। इसके आधार पर बैठक में चर्चा कर प्रत्याशियों का पैनल तैयार किया गया है। अब बुधवार को पैनल के आधार पर प्रदेश के नेता केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद गुरुवार को भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लग सकती है। बता दें, भाजपा आधे से ज्यादा सीटों पर चेहरे बदल सकती है। इस बार नए चेहरे के साथ युवाओं को ज्यादा मौका मिलने की बात कहीं जा रही है। 
केंद्रीय नेतृत्व लेगा नामों पर निर्णय 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। लोकसभा चुनाव के एजेंडे पर कोर ग्रुप ने माइक्रो मैनेजमेंट पर चर्चा की है। साथ ही बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर अच्छा प्रत्याशी देने को लेकर मंथन हुआ। इसमें सभी कार्यकर्ताओं के नाम पर चर्चा हुई है। इन नामों पर केंद्रीय नेतृत्व जल्द निर्णय लेगा। 
चुनाव समिति में ये नेता रहे मौजूद 
भाजपा प्रदेश कार्यालय में चुनाव समिति की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा समेत अन्य नेता मौजूद थे। 
भोपाल की रायशुमारी में वीडी का नाम 
प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार सुबह भोपाल लोकसभा सीट को लेकर रायशुमारी हुई। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो से सांसद वीडी शर्मा का नाम भी भोपाल से आया है। इसके अलावा मौजूदा सांसद प्रज्ञा ठाकुर, नरोत्तम मिश्रा, आलोक शर्मा, सुमित पचौरी, आलोक संजर के नाम भी रायशुमारी में आए। इनके नाम का पैनल बनाया गया।
साभार न्यूज अमर उजाला, 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper