ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी में फर्नीचर मार्केट में आग, बेहोशी की हालत में निकाले गए 2 युवक, एक ने तोड़ा दम
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में गुरुवार देर रात सीएनसी लकड़ी कटिंग की दुकान में आग लगने से अफरातफरी मच गई। दुकान के अंदर फंसे दो युवकों को दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। दोनों युवक आग और धुएं के कारण बहोश मिले। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। दूसरे की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार की देर रात बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी में सीएनसी लकड़ी कटिंग करने वाली दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की स्थिति को देखते हुए विद्युत विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि राहत और बचाव कार्य के दौरान किसी तरह का अतिरिक्त खतरा न रहे।
इसके बाद दमकल कर्मियों ने दुकान के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद टीम ने दुकान के अंदर से दो युवकों अल्तमस और अमन को बाहर निकाला। दोनों उस समय बेहोश थे। दमकल कर्मियों और पुलिस ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक तौर पर उसकी मौत दम घुटने के कारण होने की बात सामने आई है। वहीं, अमन की हालत गंभीर बताई गई है। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
साभार अमर उजाला

