कलेक्टर श्री तिवारी ने किया औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण

  • Share on :

कलेक्टर ने औद्योगिक इकाइयों के संचालकों से उत्पादों के निर्यात,रोजगार नियोजन के संबंध में जानकारी ली
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा 
कटनी । जिले में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने बुधवार को कटनी की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उत्पादन क्षमता, रोजगार सृजन, तकनीकी उन्नयन के संबंध में जानकारी लिया और सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा इकाई संचालकों से निर्यात की संभावनाओं पर सार्थक चर्चा किया।
निरीक्षण के दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान एवं प्रबंधक राजेश पटेल भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले के उद्योग केवल उत्पादन तक सीमित न रहें, बल्कि गुणवत्ता और ब्रांडिंग के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाएं।
स्थानीय से वैश्विक की ओर कदम
कलेक्टर के भ्रमण की शुरुआत ग्राम इमलिया स्थित मेसर्स राधे ट्रेडर्स से हुई। नमकीन और प्राइम्स उत्पादों के निर्माण में संलग्न इस इकाई में लगभग 2.50 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है और यह वर्तमान में 15 लोगों को रोजगार प्रदान कर रही है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने इकाई के विक्रय नेटवर्क, कच्चे माल की उपलब्धता और उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने सुझाव दिया कि स्थानीय मंडियों से कच्चे माल की खरीदी को प्राथमिकता दी जाए, जिससे स्थानीय किसानों और व्यापारियों को भी लाभ मिल सके। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन और अग्निशामक यंत्रों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एमएसएमई प्रोत्साहन योजना 2025 के तहत 40 प्रतिशत अनुदान प्राप्त करने वाली इस इकाई द्वारा अपनाई गई आधुनिक तकनीकों की कलेक्टर ने सराहना की।
महिला सशक्तिकरण और निर्यात की मिसाल
इसके पश्चात कलेक्टर श्री तिवारी ने ग्राम पड़ुआ स्थित मेसर्स सुखसागर फूड प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। लगभग 4 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह आधुनिक राइस मिल तकनीकी उन्नयन का उत्कृष्ट उदाहरण है। विशेष बात यह है कि यह एक महिला संचालित इकाई है, जिसने एमएसएमई योजना के तहत 48 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्राप्त की है और वर्तमान में 24 लोगों को रोजगार दे रही है।
यहां उत्पादित पराबोइल्ड राइस और सीएमआर राइस का निर्यात संयुक्त राज्य अमेरिका, खाड़ी देशों और अफ्रीका तक किया जा रहा है, जो कटनी के उद्योगों के वैश्विक विस्तार का संकेत है। कलेक्टर ने उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए निर्यात प्रणाली और अंतरराष्ट्रीय बाजार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
साथ ही इकाई में स्थापित सोलर प्लांट को लेकर भी उन्होंने जानकारी ली और इसे लागत में कमी तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कलेक्टर श्री तिवारी ने उद्योग संचालकों से राज्य की औद्योगिक नीति के संबंध में भी चर्चा किया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper