भाजपा आॅफिस के सामने फायरिंग, चले लात-घूंसे

  • Share on :

ग्वालियर में सड़क पर भिड़े भाजपा प्रत्याशी के समर्थक
ग्वालियर। ग्वालियर में भाजपा कार्यालय के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। सड़क पर ही एक-दूसरे को लात-घूंसे मारे। एक गुट ने दूसरे गुट पर पिस्टल से फायर कर दिया। इसमें एक कार्यकर्ता को सीने के ऊपर और कंधे के नीचे गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों गुट लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह के समर्थक हैं। बीजेपी ने शनिवार को जारी की अपनी पहली लिस्ट में पूर्व मंत्री भारत सिंह कुशवाह को ग्वालियर लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे वे संभागीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। वे कार्यालय में अंदर ही वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर रहे थे। बाहर उनके समर्थक खड़े थे। इनमें सिरोल के रहने वाले रुस्तम सिंह गुर्जर और गिरगांव के रहने वाले धर्मेंद्र सिंह गुर्जर भी शामिल थे।
धर्मेंद्र गुर्जर के सीने में छर्रा लगा है। उसे ग्वालियर के ही जेएएच अस्पताल में भर्ती कराया है।
उम्मीदवार के जाते ही भिड़े समर्थक
थोड़ी देर बाद भारत सिंह समर्थकों का अभिवादन स्वीकारने के बाद गाड़ी से चले गए। उनके जाते ही रुस्तम सिंह और धर्मेंद्र सिंह गुर्जर में किसी बात को लेकर बहस हो गई। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में सड़क पर ही मारपीट हो शुरू हो गई। इसी बीच, रुस्तम गुर्जर ने पिस्टल से फायर कर दिया। गोली के छर्रे धर्मेंद्र सिंह के सीने पर दो जगह लगे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। आज वे एक-दूसरे के आमने-सामने हो गए।
चंद कदम दूर पुलिस चौकी-
घटनास्थल से चंद कदम दूर पर जनकगंज थाना पुलिस की चौकी है। गोली चलने की आवाज सुनकर वहां तैनात पुलिस जवान मौके पर पहुंचे। यहां से रुस्तम सिंह गुर्जर को हिरासत में लिया। उसके पास से पिस्टल भी बरामद की गई है। वहीं, घायल धर्मेंद्र को जेएएच हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
अवैध पिस्टल के साथ पकड़ा आरोपी
 घायल के बयान लेने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। हमलावर पकड़ा गया है। उसके पास से मिली पिस्टल का लाइसेंस नहीं है।
विदिशा में कार ने बाइक को टक्कर मारी
 लोगों ने भाजपा नेता को पीटा
विदिशा । भाजपा नेता ने कार से बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसके चलते गुस्साए लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। भाजपा नेता मनोज रघुवंशी अपने एक साथी के साथ कार से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। उनकी गाड़ी ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इसमें बाइक पर सवार बच्ची घायल हो गई। ड्राइवर मौके से भाग गया। भाजपा नेता को लोगों ने पकड़ लिया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper