असम, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति गंभीर, हिमाचल के सात जिलों में बाढ़ का अलर्ट
देश के अधिकांश हिस्से में मूसलाधार बारिश जारी है जिससे कई बड़ी नदियां उफान पर हैं। असम, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मध्य भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। हिमाचल प्रदेश में आफत की बारिश लगातार हो रही है और सात जिलों में अगले चौबीस घंटों के दौरान आकस्मिक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। पश्चिम बंगाल के भी कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई है और कोलकाता समेत विभिन्न जगहों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के चांबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर में अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने राज्य के अलग-अलग स्थानों पर सोमवार तक भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी देते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से प्रदेश में 225 सड़कें बंद हैं जिनमें सर्वाधिक प्रभावित मंडी जिले में 153 सड़कें शामिल हैं। 163 ट्रांसफार्मर और 174 जलापूर्ति योजनाएं भी ठप पड़ी हैं। 1 जून से 8 जुलाई के बीच हिमाचल में 203.2 मिमी वर्षा हुई है, जबकि इस दौरान सामान्य तौर पर 152.6 मिमी वर्षा होती है। वर्षा जनित घटनाओं में अब तक 52 लोगों की जान जा चुकी है।
साभार अमर उजाला