त्योहारी सीजन से पहले खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
अत्यधिक गंदगी में बन रहा था केक, आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबन के लिए भेजा
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। आगामी त्योहारी अवधि को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा शहर के खाद्य निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की स्थिति देखी। जांच के दौरान आयुष बेकरी, छोटा बांगड़दा में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान बेकरी के निर्माण परिसर में अत्यधिक गंदगी पाई गई। प्रतिष्ठान के बाहर कचरा डंप किया हुआ था और इसी के समीप केक का बेस तैयार किया जा रहा था। केक तैयार करने वाली प्रिपरेशन टेबल पर चींटियां और मक्खियां चलती हुई मिलीं इसके अलावा फ्रिज और फ्रीजर की सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब पाई गई। जांच के दौरान एक्सपायर्ड चेरी का उपयोग किए जाने की बात भी सामने आई।
खाद्य सुरक्षा टीम को मौके पर खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं मिले। टीम को यह जानकारी भी मिली कि बेकरी में तैयार किए जाने वाले केक को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सेल्समैन के माध्यम से बेचा जाता है। गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियों और लोक स्वास्थ्य को देखते हुए आयुष बेकरी का खाद्य पंजीयन निलंबित किए जाने के लिए प्रकरण पंजीयन प्राधिकारी को भेजा गया है।
दीपनीषा गृह उद्योग को सुधार सूचना पत्र
टीम ने दीपनीषा गृह उद्योग, सांवरिया नगर का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य निर्माण में लगे कर्मचारियों को साफ-सुथरे कपड़े पहनने के साथ हेड कैप और एप्रन का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में प्रसंस्करण के लिए आरओ पानी का उपयोग नहीं होना, वाशिंग एरिया की पृथक व्यवस्था नहीं होना और पैकेजिंग संबंधी लेबल मौके पर उपलब्ध नहीं होना पाया गया।
इन कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। वहीं प्रभारी विक्रेता दीपक गुप्ता की मौजूदगी में राजगिरा लड्डू का नमूना लिया गया, जिसे जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
किशन चिप्स एंड फूड प्रोडक्ट में भी मिली कमियां
इसी तरह किशन चिप्स एंड फूड प्रोडक्ट, सांवेर रोड इंडस्ट्रियल एरिया, सेक्टर एफ का निरीक्षण किया गया। यहां खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य सामग्री और अन्य मटेरियल के रखरखाव की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई।
खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। मौके पर श्री किशन कुमावत की मौजूदगी में चिप्स का खाद्य नमूना लिया गया, जिसे जांच के लिए भोपाल प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी लगातार जारी रहेगी। स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

