रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 350 किलो मिठाई जब्त

  • Share on :

पत्रकार :-खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान हवा बंगला रोड स्थित मां भुवनेश्वरी एंटरप्राइजेज पर कार्रवाई करते हुए करीब 350 किलोग्राम मिठाई जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के संयुक्त दल ने ऋषि नगर स्थित प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। मौके पर गुजरात से आई श्री गोविंद स्वीट्स की 10-10 किलोग्राम की कंपनी पैकिंग में मिठाई मिली। विभाग के अनुसार, पैकेट खोलकर मिठाई को पेड़े के आकार में तैयार कर पारदर्शी डिब्बों में बिना आवश्यक डिक्लेरेशन के बिक्री के लिए रखा गया था।
प्रारंभिक निरीक्षण में मिठाई में मिल्क सॉलिड के साथ वेजिटेबल फैट के उपयोग की जानकारी सामने आई। विभाग ने मौके से मिठाई के चार नमूने जांच के लिए लिए और लगभग 350 किलो मिठाई को जांच रिपोर्ट आने तक जब्त कर लिया।
अन्य प्रतिष्ठानों से भी नमूने लिए
रक्षाबंधन अभियान के तहत विजयनगर स्थित जैन नमकीन से विभिन्न प्रकार के नमकीन के 6 नमूने, जबकि दिव्यरक कॉलोनी स्थित गोकुल प्रोडक्ट सप्लायर से मिठाई के 3 नमूने लिए गए।
इसके अलावा भगत सिंह नगर स्थित मेसर्स श्री कृष्णा दूध दही भंडार का निरीक्षण कर मावा और मावा कतली के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
सभी नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान मिठाई, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper