बाणगंगा में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, करीब 4 हजार किलो खाद्य सामग्री जब्त
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बाणगंगा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में प्रशासनिक अधिकारियों और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान करीब 4 हजार किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई।
विशाल नगर, बाणगंगा स्थित न्यू NK चना परमल में चना, पीनट, परमल और अन्य खाद्य पदार्थों की प्रोसेसिंग पाई गई। यहां साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर 5 नमूने जांच के लिए लिए गए और करीब 1,950 किलो खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये है, जब्त की गई।
वहीं शिवम ट्रेडर्स से मूंगफली के 4 नमूने लिए गए और करीब 280 किलो मूंगफली जब्त की गई। अमरनाथ चना परमल भंडार से मूंगफली, चना और मटर के 4 नमूने लेते हुए करीब 1,377 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई।
राजकुमार जायसवाल फर्म से मूंगफली दाना और धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। यहां करीब 450 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई। निरीक्षण के दौरान वैध खाद्य पंजीयन या लाइसेंस नहीं मिलने पर प्रकरण तैयार कर खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं प्रोसेसिंग का काम तत्काल स्थगित कराया गया।
इसके अलावा शिकायत के आधार पर सतगुरु बेकर्स, चाय ठिकाना और यादव श्री रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। सतगुरु बेकर्स में अस्वच्छ परिस्थितियों में केक निर्माण पाए जाने पर नमूना लिया गया, जबकि अन्य प्रतिष्ठानों से भी खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
सभी नमूने खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी, संदिग्ध, अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों और बिना वैध पंजीयन या लाइसेंस संचालित खाद्य कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

