महुआ संग्रह के दौरान सावधानी बरतें, वन विभाग ने ग्रामीणों से किया अपील
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा
कटनी । मध्यप्रदेश के वन क्षेत्रों में इन दिनों महुआ (लघु वनोपज) संग्रह का मौसम शुरू हो चुका है। बड़ी संख्या में ग्रामीण आजीविका के लिए जंगलों में महुआ एकत्र करने जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने लोगों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है।
वन विभाग के अनुसार, महुआ संग्रह के दौरान कई बार वन्यजीवों के साथ आमना-सामना होने की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे जनहानि का खतरा बढ़ जाता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर ऐसे जोखिमों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
वन विभाग की प्रमुख सलाहें:
जंगल में कभी भी अकेले न जाएं, हमेशा समूह में ही महुआ संग्रह के लिए निकलें।
महुआ इकट्ठा करने के लिए जंगल में आग न जलाएं, इससे वन्यजीव भड़क सकते हैं और जंगल में आग लगने का खतरा भी रहता है।
अंधेरा होने के बाद जंगल में न जाएं और बच्चों को साथ ले जाने से बचें।
इसके अलावा विभाग ने यह भी अपील की है कि लोग शोर-शराबा न करें, सतर्क रहें और किसी भी वन्यजीव की उपस्थिति के संकेत मिलने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर लौट आएं।
वन अधिकारियों ने कहा है कि सभी ग्रामीण इन निर्देशों का पालन करें ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और वन्यजीवों के साथ अनावश्यक टकराव से बचा जा सके।
वन विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं वन्यजीवों की गतिविधि अधिक दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी वन कार्यालय को दें।

