वन सुरक्षा समिति खंदवारा की बैठक में वन संरक्षण पर जोर
जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। जिले के कटनी वन मंडल के अंतर्गत ढीमरखेड़ा रेंज में स्थित खंदवारा गांव में दिनांक 9 मार्च 2026 को वन सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेंज अधिकारी ढीमरखेड़ा सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में वन सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ वन संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। रेंज अधिकारी ने ग्रामीणों को वन्यप्राणियों की सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जंगलों में रहने वाले जीव-जंतुओं का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही महुआ संग्रहण के दौरान पेड़ों के नीचे आग न लगाने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि महुआ के नीचे आग लगाने से जंगल में भीषण आग लगने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे वन संपदा और वन्यजीवों को भारी नुकसान हो सकता है।
बैठक में जंगल क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण को रोकने तथा अवैध गतिविधियों की जानकारी देने के लिए मुखबिर तंत्र को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा संयुक्त वन प्रबंधन समिति (JFMC) की भूमिका, ग्राम स्तर पर वन संरक्षण में समुदाय की भागीदारी और जंगलों की सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।
अंत में समिति सदस्यों ने वन विभाग के साथ मिलकर जंगलों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।

