पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की उम्र में निधन.. पीएम मोदी ने जताया दुख, कहा-  एक राष्ट्र के रूप में हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति

  • Share on :

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की उम्र में गुरुवार (26 दिसंबर) को निधन हो गया। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। पूर्व पीएम के निधन के संबंध में दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने एक प्रेस रिलीज जारी की, जिसमें बताया गया, ''अत्यंत दुःख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में निधन की सूचना देते हैं। उनकी आयु-संबंधी चिकित्सा स्थितियों का उपचार किया जा रहा था और 26 दिसंबर 2024 को घर पर ही उन्हें अचानक बेहोशी आ गई। घर पर तुरन्त उन्हें बचाने के उपाय शुरू किए गए। उन्हें रात 8:06 बजे नई दिल्ली के एम्स के मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पूर्व पीएम के निधन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से लेकर देश के कई बड़े नेताओं और हस्तियों ने दुख व्यक्त किया है। भारत सरकार ने आज (27 दिसंबर) के लिए निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार शनिवार (28 दिसंबर) को होने की उम्मीद है। मनमोहन सिंह का जन्म 1932 में पंजाब में हुआ था। वह 2004 से 2014 तक लगातार दो बार भारत के प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने 2004 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाले एनडीए के खिलाफ 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद पहली बार पीएम पद की शपथ ली थी। उन्होंने 2009 से 2014 तक अपना दूसरा कार्यकाल पूरा किया। उसके बाद 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी ने उनकी जगह ली। 33 साल तक सेवा देने के बाद वे इस साल की शुरुआत में राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो गए थे।
राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा ने कहा, "हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन पूरे देश के लिए क्षति है... वे एक अच्छे अर्थशास्त्री और अच्छी विचारधारा वाले व्यक्ति थे... मैं इस दुःखद घड़ी में शोक प्रकट करता हूं। भगवान उनके परिजनों का साथ दें और उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।"


पीएम मोदी ने उन्हें किया याद
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताया। उन्होंने कहा, एक राष्ट्र के रूप में भी हमारे लिए बहुत बड़ी क्षति है। विभाजन के उस दौर में बहुत कुछ खोकर भारत आना और यहां जीवन के हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करना ये समान्य बात नहीं है। अभावों को संघर्षों से कैसे ऊंचाइयां हासिल किया जा सकता है उनका जीवन ये सीख भावी पीढ़ी को देता है। एक नेक इंसान के रूप में विद्वान अर्थशास्क्षी के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। एक अर्थशास्त्री के रूप में भारत सरकार में अनेक सेवाएं दी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के कारण 27 और 28 दिसंबर को अपनी 'प्रगति यात्रा' रद्द कर दी।
साभार नवभारत टाइम्स 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper