अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल कर 1 करोड़ की मांग, दो महिलाएं सहित चार गिरफ्तार
इंदौर क्राइम ब्रांच के मुताबिक शराब कारोबारी जितेंद्र ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग उन्हें निजी फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार मानसिक दबाव बना रहे हैं और बदनामी का डर दिखाकर एक करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं। कारोबारी द्वारा रकम देने से इनकार किए जाने पर आरोपियों ने सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से सामग्री वायरल करने की चेतावनी दी।
शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच ने तकनीकी और तथ्यात्मक जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि इस पूरे कथित ब्लैकमेलिंग नेटवर्क का संचालन अलका दीक्षित कर रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भोपाल निवासी श्वेता जैन, इंदौर निवासी अलका दीक्षित, उसके बेटे और उसके मित्र लाखन पटेल को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान इंदौर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी विनोद शर्मा का नाम भी सामने आया है। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।

