कार -बाइक की आमने-सामने जोरदारटक्कर में चार युवकों की दर्दनाक मौत

  • Share on :

जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जगतपुर-उमरिया के पास रात करीब 11:30 बजे कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों व मृतकों को बड़वारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के निवासी रामकिशोर सिंह (26), रामदास सिंह (18) और इंद्रभान सिंह (25)  मजदूरी करने मध्य प्रदेश से बाहर गए थे और सोमवार को घर लौट रहे थे। उन्हें गांव तक लाने के लिए धीरेन्द्र सिंह (18) बाइक लेकर कटनी स्टेशन पहुंचा था। चारों युवक एक ही बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-43 पर जगतपुर उमरिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई, जिससे चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में कार में सवार संपत बाई (राजगढ़), सोनू पिता अमर सिंह (22), मदन लाल सिंगा (62), कैलाश पिता रमेश तेवर (25) और प्रेम सिंह पिता वंशीलाल (36) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग राजगढ़ से अनूपपुर जिले में अपने रिश्तेदार के यहां गए थे और वापस लौट लौटते समय,  रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper