भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला रांची में

  • Share on :

रांची। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला रांची में खेला जाएगा। दोनों टीमें जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्पलेक्स में 23 फरवरी से आमने-सामने होंगी। इंग्लैंड ने हैदराबाद में टेस्ट जीतकर सीरीज की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की थी। उसके बाद रोहित शर्मा की टीम ने शानदार वापसी की। उसने विशाखपत्तनम और राजकोट में खेले गए मुकाबलों में जीत हासिल कर सीरीज में 2-1 की बढ़त ले ली।
रांची में भारत की नजर अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी। वहीं, इंग्लैंड की टीम सीरीज में बने रहने के लिए जीत और ड्रॉ की उम्मीद करेगी। भारत के महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का यह गृह नगर है। टीम इंडिया अब तक यहां एक भी टेस्ट नहीं हारी है। वहीं, इंग्लैंड पहली बार धोनी के शहर में क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में खेलने उतरेगा।
रांची में अब तक दो टेस्ट मैच खेले गए हैं। यहां पहला मुकाबला 2017 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। वह मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। वहीं, दूसरा मुकाबला उसके दो साल बाद 2019 में आयोजित हुआ था। तब टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया। भारत इस मैदान पर कभी नहीं हारने के अपने रिकॉर्ड को बरकरार रखने उतरेगा।
2017 में जब भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें रांची में आमने-सामने हुई थीं तब रवींद्र जडेजा का जादू देखने को मिला था। उन्होंने कंगारू टीम के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट लिए थे। उसके बाद भारत के लिए पहली पारी में नाबाद 54 रन बनाए थे। इतना ही नहीं, जडेजा ने दूसरी पारी में भी घातक गेंदबाजी की थी और चार विकेट झटके थे। वहीं, रविचंद्रन अश्विन ने दोनों पारियों में एक-एक विकेट अपने नाम किया था। अश्विन के नाम यहां तीन रन हैं। 2017 में खेलने वाली टीम के सिर्फ ये दोनों सदस्य ही मौजूदा भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
2019 में भारत जब इस मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उतरा था तब रोहित शर्मा ने दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने पहली पारी में 212 रन बनाए थे। जडेजा ने 51 और अश्विन ने 14 रन बनाए थे। गेंदबाजी में जडेजा ने पहली पारी में दो विकेट लिए थे। दूसरी पारी में उन्हें एक सफलता मिली थी। अश्विन को पहली पारी में सफलता नहीं मिली थी। वहीं, दूसरी पारी में उन्होंने एक विकेट लिया था। भारत पारी और 202 रन से मैच जीता था।
रांची में रोहित शर्मा सबसे ज्यादा रन 212 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर चेतेश्वर पुजारा हैं। उन्होंने दो मैच में 202 रन बनाए हैं। जडेजा ने दो मैच में 105 रन बनाए हैं। वह इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सातवें स्थान पर हैं। गेंदबाजी में जडेजा ही नंबर-1 हैं। उन्होंने दो मैच में 12 विकेट लिए हैं। अश्विन ने इतने मैचों में तीन विकेट लिए हैं।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper