काहिरा हाईवे पर ईंधन टैंकर धमाका-आग: 31 मौतों की पुष्टि, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
काहिरा. मिस्र की राजधानी काहिरा के एक प्रमुख हाईवे पर बुधवार को ईंधन टैंकर पलटने से उसमें भीषण आग लग गई. इस आग ने आसपास के कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया और बड़े पैमाने पर तबाही मचाई. इस हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य जख्मी हो गए.
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी काहिरा को चारों ओर से घेरने वाले महत्वपूर्ण रिंग रोड पर लगी इस आग में दो दर्जन से अधिक कारें और बाइक जलकर खाक हो गईं. यह हादसा ग्रेटर काहिरा क्षेत्र के गीजा प्रांत के घनी आबादी वाले वर्राक इलाके में हाईवे पर हुआ.
घटनास्थल पर बचावकर्मी जलती हुई कारों से लोगों को बाहर निकालते नजर आए. हादसे के वायरल वीडियो में दमकलकर्मी कारों के बीच फैल रही आग पर काबू पाने की कोशिश करते दिखाई दिए. मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे के पीड़ितों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की.
स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच की जा रही है. हादसे की भयावहता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है.
साभार आज तक

