बुलंदशहर में मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर नसीम दुर्रानी ढेर, समीर हत्याकांड में थी तलाश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदरशहर में नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में कथित तौर पर डी-कंपनी से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को मार गिराया है। नसीम दुर्रानी पर समीर मर्डर केस के आरोप थे। पुलिस लंबे वक्त से कई मामलों में उसके शामिल होने के चलते उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, बुलंदरशहर में एनकाउंटर के दौरान पुलिस टीम और नसीम दुर्रानी के बीच कई राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें से गैंगस्टर को कई गोलियां लगी। इसके बाद पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
गैंगस्टर नसीम दुर्रानी के बारे में बात करें तो उनका नाम कई आपराधिक प्रकरण में चर्चा में रहा था। वो अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के भी लगातार संपर्क में रहा था। दावा ये भी किया जाता है कि छोटा शकील ने उसे छोटा राजन की हत्या करने की भी सुपारी दी थी।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नाम के शख्स की गोली मारकर हत्या की गई थी। इसके आरोप नसीम दुर्रानी पर ही है। नसीम के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास और लूट जैसे कुल 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा पाकिस्तानी मूल के तारिक फतेह की हत्या मामले में साजिश रचने का भी आरोप है।
साभार जनसत्ता

