राष्ट्रीय तैराकी में कोरबा के गौरव राज ने जीता कांस्य पदक

  • Share on :

कोरबा 100 मीटर बैकस्ट्रोक में शानदार प्रदर्शन, राष्ट्रीय स्तर पर  छत्तीसगढ़ और जिला कोरबा का मान बढ़ाया है। राजस्थान के जयपुर में 6 से 9 अगस्त 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय सब-जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान तैराक गौरव राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर प्रदेश एवं कोरबा जिले को गौरवान्वित किया है।
गौरव राज ने बालक वर्ग ग्रुप-3 के 100 मीटर बैकस्ट्रोक मुकाबले में 01 मिनट 17.94 सेकंड का उत्कृष्ट समय निकालते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
कोरबा के गौरव राज वर्तमान में बालको द्वारा संचालित आवासीय खेल अकादमी में नियमित रूप से तैराकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनकी इस राष्ट्रीय उपलब्धि के पीछे निरंतर अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
हेड कोच श्री गुलशन सिंह राजपूत तथा सहायक कोच श्री रुपिन राज, श्री विजेंद्र पाल एवं सुश्री स्मिता स्वाई ने गौरव की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि गौरव ने अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए लगातार कड़ी मेहनत की है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मिला यह कांस्य पदक उसी मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
प्रशिक्षकों ने विश्वास जताया कि गौरव आने वाले समय में अपने प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ और कोरबा का नाम रोशन करने में सफल होंगे।
गौरव की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों एवं तैराकी से जुड़े खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता ने जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper