जर्मनी: इमारत में आग लगने से 3 भारतीय छात्रों की मौत, 5 गंभीर
नई दिल्ली. जर्मनी के नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया राज्य के बोखुम शहर में बुधवार को एक रिहायशी इमारत में आग लग गई. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई. मृतकों में 25 और 27 साल की दो युवतियां और 26 साल का एक युवक शामिल है.
तीनों जर्मनी में पढ़ाई कर रहे थे. आग की खबर मिलने के बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे. तलाशी के दौरान इमारत की दूसरी मंजिल पर बने एक अपार्टमेंट में तीनों के शव मिले. फिलहाल अभी तक मृतकों के नाम और भारत में उनके असल निवास के बारे में कोई जानकारी नहीं है.
आग की चपेट में आने से अन्य पांच लोगों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है. उन्हें धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, अभी इन पांचों की राष्ट्रीयता के बारे में कोई जानकारी नहीं है.
इस मामले में पुलिस ने हत्या के संदेह में एक 41 साल के रोमनियन व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. हालांकि, आग लगने की असल वजह जांच के बाद ही सामने आएगी. फिलहाल जर्मन अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.
साभार आज तक

