गोहपारू पुलिस ने क्रेशर में हुई चोरी का किया खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
साहिल खान
शहडोल। पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की धरपकड़ और चोरी गए मशरूका की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना गोहपारू पुलिस ने क्रेशर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया जनरेटर भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
थाना गोहपारू में अपराध क्रमांक 371/26, धारा 331(4), 305(ए), 317(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार फरियादी प्रदीप सिंह पिता सरोज कुमार सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी पैलवाह, थाना गोहपारू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम असवारी स्थित आदित्य स्टोन क्रेशर में 16 अगस्त 2026 को ताला लगाकर वापस आने के बाद 18 अगस्त को क्रेशर पहुंचने पर कमरे का ताला टूटा मिला। कमरे में रखा पुराना जनरेटर गायब था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सुखदेव सिंह पिता बिकनू सिंह, उम्र 28 वर्ष, सकेन्द्र उर्फ सतेंद्र सिंह पिता रंगलाल सिंह, उम्र 35 वर्ष, पूजन सिंह पिता शुभकरण सिंह, उम्र 27 वर्ष, अब्दुल साहिद पिता सुल्तान सिंह, उम्र 23 वर्ष तथा एक 17 वर्षीय बाल अपचारी से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया।
आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने चोरी गया जनरेटर बरामद कर जब्त कर लिया। मामले में गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जबकि बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई। गोहपारू पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

