सोने-चांदी में बड़ी गिरावट जारी, सर्राफा बाजार में सोना ₹1.29 लाख और चांदी ₹1.61 लाख पर आई
नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। न्यूयॉर्क से मुंबई तक गिरावट का तूफान है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना इस हफ्ते 7% से ज्यादा टूट चुका है। मार्च के बाद यह सोने की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट हो सकती है। वहीं, चांदी की कीमतों में इस दौरान करीब 13% की गिरावट आई है।
भारत के सर्राफा बाजारों में सोना 135809 रुपये प्रति 10 ग्राम से 129531 रुपये पर आ गया है। जबकि, चांदी 177500 रुपये प्रति किलो से 161575 रुपये पर आ गई है। इस हफ्ते सोना 6298 रुपये और चांदी 15925 रुपये टूटी है। मुंबई स्थित एमसीएक्स पर गुरुवार रात सोना 1.75 प्रतिशत 127548 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ जबकि, चांदी 1.95 प्रतिशत टूटकर 157600 रुपये पर बंद हुई।
इस साल की बात करें तो MCX पर 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर था और तब से लेकर आज की डेट तक 65548 रुपये तक सस्ता हो चुका है। वहीं, एमसीएक्स सिल्वर का भाव ऑल टाइम हाई 4,20,048 रुपये है और यह 262448 रुपये गिर चुका है।
रॉयटर्स के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को सोना 1% तक गिरकर 3,590 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया। सितंबर 2025 के बाद यह इसका सबसे निचला स्तर है। वहीं, चांदी इस सप्ताह करीब 13% टूट चुकी है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

