सरकार की चेतावनी का असर: मेटा ने इंस्टाग्राम पर यौन और हिंसक पोस्ट के सुझावों पर लगाई लगाम
नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अब यूजर्स को अश्लील और हिंसक कंटेंट कम दिखाए देंगे। दरअसल मेटा ने भारत में इंस्टाग्राम के रिकमेंडेशन को लेकर नियम सख्त कर दिए हैं। कंपनी ने यह बदलाव ऐसे समय में किया है, जब केंद्र सरकार ने करीब एक महीने पहले मेटा को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पोस्ट को यौन रूप से उकसाने वाली पोस्ट और हिंसा दिखाने वाली पोस्ट के रिकमेंडेशन को लेकर समीक्षा करने को कहा था।
Meta के नए बदलावों का असर उन पोस्ट पर पड़ेगा, जिन्हें इंस्टाग्राम उन अकाउंट्स से यूजर्स को दिखाता है, जिन्हें वे फॉलो नहीं करते हैं। इसमें रील्स और मुख्य फीड में दिखाई देने वाली सजेस्टेड पोस्ट भी शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, अब प्लेटफॉर्म पर यौन रूप से आपत्तिजनक और हिंसा दर्शाने वाली सामग्री की सिफारिश कम की जाएगी।
Meta ने स्पष्ट किया है कि इंस्टाग्राम के कम्युनिटी गाइडलाइंस का उल्लंघन नहीं करने वाली पोस्ट प्लेटफॉर्म पर बनी रह सकती हैं। हालांकि, जरूरी नहीं कि ऐसी सभी पोस्ट यूजर्स को रिकमेंड भी की जाएं। यानी कोई कंटेंट इंस्टाग्राम पर मौजूद तो रहेगा, लेकिन उसे ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की सिफारिश नहीं की जाएगी।
कंपनी ने बताया कि पिछले एक साल में यूजर्स के फीडबैक के आधार पर अपनी डिफॉल्ट सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। इंस्टाग्राम किसी पोस्ट को रिकमेंड करने से पहले उसका आकलन करने के लिए AI मॉडल का इस्तेमाल करता है। साथ ही,भारत के लिए इन सिस्टम को और बेहतर बनाया गया है, ताकि संवेदनशील कंटेंट की पहचान अधिक प्रभावी तरीके से की जा सके।
साभार नवभारत टाइम्स

