राज्यपाल सीवी आनंद बोस को दी गई जान से मारने की धमकी, गृह मंत्रालय को भेजी गई रिपोर्ट
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को जान से मारने की धमकी मिली है। राजभवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात को एक ईमेल के जरिए राज्यपाल को जान से मारने की धमकी मिली, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
राजभवन के अधिकारी ने बताया कि 'आरोपी ने ईमेल में अपना मोबाइल नंबर भी दिया है। हमने डीजीपी को सूचित कर दिया है और उनसे उस व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार करने को कहा है।' मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी इस बारे में सूचित कर दिया गया है। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी जानकारी दी गई है। धमकी मिलने के बाद राज्यपाल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राज्यपाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस और सीआरपीएफ मिलकर काम कर रहे हैं। बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है और उनकी सुरक्षा के लिए करीब 60-70 केंद्रीय सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।
साभार अमर उजाला

