अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद और लोकमान्य तिलक जयंती पर भव्य आयोजन
इंदौर में पांच विभूतियां सम्मानित, गूंजे देशभक्ति गीत
इंदौर। श्री गीता रामेश्वरम ट्रस्ट, नेताजी सुभाष चंद्र बोस अखिल भारतीय स्वतंत्र सेनानी उत्तराधिकारी संगठन और अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के संयुक्त तत्वावधान में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद एवं लोकमान्य तिलक की जयंती पर एक भव्य आज़ाद-तिलक अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों की पांच प्रतिष्ठित विभूतियों को सम्मानित किया गया और देशभक्ति गीतों से पूरा माहौल गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एवं मध्यस्थता केंद्र के चीफ जस्टिस शमीम कुरैशी (मोहम्मद शमीम) थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में हेमराज वाडिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अनिल आजाद, गणेश वर्मा, जगदीश सतेया, बंटी कुमरावत, उमाशंकर रायकवार, ओ.पी. वर्मा, सुधीर सेठिया, उमेश पारेख, कैलाश कुशवाहा और संजय जयंत आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन मदन परमालिया ने किया तथा आभार जगदीश जोशी ने माना। विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।
अतिथियों के प्रेरणादायी विचार...
पूर्व विधायक एवं अध्यक्ष सत्यनारायण पटेल:
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए स्वाधीनता सेनानियों ने अनगिनत कुर्बानियां दी हैं, लेकिन इसके बदले में उन्होंने कभी किसी पारितोषिक या अन्य लाभ की कामना नहीं की। अब समय आ गया है कि हम स्वाधीनता सेनानियों के बलिदान को सार्थक करते हुए उनके सपनों का भारत बनाएं।
मुख्य अतिथि जस्टिस शमीम कुरैशी :
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज समाज में संस्कारों की कमी हो रही है। समाज सेवा की डगर बहुत कठिन है और जो लोग इस कार्य को पूरी निष्ठा से कर रहे हैं, वे वंदनीय हैं। हम सभी को समाज से जो मिला है, उस ऋण को चुकाने के लिए कुछ सार्थक कार्य जरूर करने चाहिए, तभी हमारी आजादी सार्थक होगी। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि हमें दिखावे की देशभक्ति नहीं करनी चाहिए।
पांच प्रतिष्ठित विभूतियां 'आज़ाद-तिलक अलंकरण' से सम्मानित
समारोह के संयोजक विनोद सत्यनारायण पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज और राष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली पांच महान हस्तियों को आज़ाद-तिलक अलंकरण' से अलंकृत किया गया:-
1.अशोक यादव (हॉकी कोच - खेल के क्षेत्र में योगदान)
2. डॉ. ओमप्रकाश धीमान (शिक्षाविद - शिक्षा के क्षेत्र में योगदान)
3.राजेंद्र सोनी (समाज सेवा)
4.सीमा सेन (समाज सेवा)
5.हुकम यादव (समाज सेवा)
देशभक्ति गीतों से सजी महफिल
कार्यक्रम के दौरान संगीत और कला के माध्यम से देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला। आफताब आलम कुरैशी द्वारा देशभक्ति गीतों की मनमोहक और ऊर्जावान प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित सभी श्रोताओं में जोश और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रज्वलित कर दिया।

