भव्य प्रभात फेरीः श्रद्धा का सागर उमड़ा
इस बार प्रभात फेरी का सबसे खास आकर्षण रहा, रणजीत टाइम्स समूह द्वारा बनाया गया भव्य स्वागत मंच
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित श्री रणजीत हनुमान मंदिर से 12 दिसंबर की सुबह प्रदेश की सबसे बड़ी और भव्य प्रभात फेरी पूरे उत्साह और गरिमा के साथ निकल चुकी है। अलसुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी और जैसे ही प्रथम आरती संपन्न हुई, ढोल-नगाड़ों की गूंज, भजन-कीर्तन और जय-हनुमान के नारों के साथ विशाल शोभायात्रा आगे बढ़ गई। इस पावन अवसर पर इंदौर शहर भक्तिमय रंग में रंग गया और हर तरफ आस्था की अनोखी छटा दिखाई दी। इस बार की प्रभात फेरी में लाखों श्रद्धालु शामिल हुए, जिनमें महिलाओं, युवाओं, बच्चों और वृद्धों की बड़ी संख्या मौजूद रही। मंदिर से शुरू हुई यात्रा ने निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ते हुए पूरे क्षेत्र में दिव्यता का भाव फैलाया। जगह-जगह लगे welcome गेट, पुष्पवर्षा, धार्मिक झांकियाँ और कीर्तन मंडलियों ने इस शोभायात्रा को और भव्य बना दिया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पहले से ही पूरी तरह सतर्क था।
लगभग 650 से अधिक पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया, जिनकी निगरानी डीएसपी और टीआई स्तर के अधिकारी कर रहे थे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई। वहीं ड्रोन कैमरों से प्रभात फेरी के पूरे मार्ग की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की गई, जिससे भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखा जा सके। कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही थी, और मुख्य स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। यात्रा के दौरान उषा नगर, अन्नपूर्णा रोड और रणजीत हनुमान मार्ग सहित कई रूटों पर अस्थायी डायवर्शन लागू किए गए। ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मागों से डायवर्ट कर व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल भी अलग-अलग जगह निर्धारित किए गए थे जिन्हें सुबह से ही पुलिसकर्मियों द्वारा सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा था। इस बार प्रभात फेरी का सबसे खास आकर्षण रहा रणजीत टाइम्स समूह द्वारा बनाया गया भव्य स्वागत मंच मंदिर परिसर के नजदीक तैयार इस मंच पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण की विशेष व्यवस्था की गई। मंच पर आने वाले भक्तों का पुष्पमालाओं, नारों और जय-जयकार के साथ स्वागत किया गया। मीडिया कवरेज के लिए रणजीत टाइम्स की पूरी टीम सुबह से लाइव रिपोर्टिंग में सक्रिय रही, जिससे दूर-दराज के लोगों तक भी इस अलौकिक आयोजन की झलक पहुँचती रही।

प्रभात फेरी के आगे बढ़ते ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से भर गया। विशाल झांकियों, सजाए हुए रथों, भजन मंडलियों और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया। श्रद्धालु 'हनुमान जी' के जयकारों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों द्वारा जल-सेवा, चाय, नाश्ता और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई, जिससे पूरे मार्ग पर सेवा और श्रद्धा की अनोखी मिसाल देखने को मिली। इस बार की प्रभात फेरी ने एक बार फिर साबित किया कि इंदौर न सिर्फ स्वच्छता में नंबर वन है, बल्कि धार्मिक आयोजनों की भव्यता और अनुशासन में भी अग्रणी है। जैसे-जैसे शोभायात्रा अपने मार्ग पर आगे बढ़ी, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की आस्था चरम पर नजर आई और पूरा शहर 'जय श्री हनुमान' के उद्घोष से गुंजायमान होता रहा।

