गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को ८९ रनों से रौंदा; प्लेऑफ की दौड़ से पूरी तरह बाहर हुई सीएसके
अहमदाबाद। गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 89 रनों से हरा दिया। गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने साई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 229 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम 13.4 ओवर में सिर्फ 140 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 47 रनों की पारी खेली। इस दौरान सिराज, रबाडा और राशिद खान ने तीन-तीन विकेट झटके। इस हार के साथ चेन्नई की प्लेऑफ की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं।
इस मुकाबले में हार के साथ चेन्नई की प्लेऑफ की उम्मीदें समाप्त हो गईं और टीम प्लेऑफ की दौड़ से पूरी तरह बाहर हो गई। यह उनका इस सीजन का आखिरी मुकाबला था। टीम 14 में से छह मुकाबले जीतकर सातवें स्थान पर रही। वहीं, पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी गुजरात टाइटंस 14 में से नौ मुकाबले जीतकर दूसरे स्थान पर बनी हुई है। उसके खाते में 18 अंक हैं और नेट रन रेट +0.695 हो गया है। शीर्ष पर आरसीबी और तीसरे पायदान पर हैदराबाद है। आखिरी स्थान के लिए अभी राजस्थान पंजाब, केकेआर और दिल्ली के बीच लड़ाई है।
गुजरात को कप्तान शुभमन गिल और साईं सुदर्शन की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 74 गेंदों में 125 रन की साझेदारी की। गिल 37 गेंदों में 3 छक्कों और सात चौकों के साथ 64 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सुदर्शन ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 गेंदों में 82 रन जुटाकर टीम को 207 के स्कोर तक पहुंचाया।
19वें ओवर की दूसरी गेंद पर सुदर्शन आउट हुए, जिन्होंने 53 गेंदों में चार छक्कों और सात चौकों के साथ 84 रन की पारी खेली। अगली गेंद पर टीम ने राहुल तेवतिया (0) का विकेट गंवा दिया। यहां से जोस बटलर ने 27 गेंदों में 57 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से मुकेश चौधरी, स्पेंसर जॉनसन और अंशुल कंबोज ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स 13.4 ओवरों में 140 रन पर सिमट गई। इस टीम को पहली ही गेंद पर संजू सैमसन (0) के रूप में बड़ा झटका लग गया। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने मैथ्यू शॉर्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 13 गेंदों में 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन कप्तान के आउट होने के बाद टीम बिखर गई। गायकवाड़ ने 16 रन का योगदान सीएसके के खाते में दिया, जबकि शॉर्ट ने 14 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 24 रन की पारी खेली। इनके अलावा, कार्तिक शर्मा ने 19 रन बनाए।
टीम ने 63 के स्कोर तक अपने पांच विकेट खो दिए थे। यहां से शिवम दुबे ने देवाल्ड ब्रेविस (8) के साथ 21 गेंदों में 53 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। दुबे 17 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुए। विपक्षी खेमे से मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और राशिद खान ने 3-3 विकेट हासिल किए।
साभार अमर उजाला

