खाड़ी में गहराया संकट: ईरानी हमले का शिकार हुआ अमेरिकी तेल टैंकर, एक भारतीय नागरिक ने गंवाई जान
न्यूयॉर्क। ईरान ने एक अमेरिकी तेल टैंकर पर हमला किया है, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत की खबर है। पीटीआई के मुताबिक ईरान ने यह एक सुसाइड बोट की मदद से किया है। यह हमला इराक के पास हुआ। सेफसी विष्णु (Safesea Vishnu) नाम का यह तेल टैंकर खोर अल जुबैर पोर्ट जा रहा था। इसी दौरान इस पर हमला हुआ। यह इलाका इराक की ही जल सीमा में आता है। यह शायद पहला वाकया है, जब ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग में किसी भारतीय की मौत हुई है। कल एक भारतीय के दुबई में ड्रोन अटैक के चलते जख्मी होने की खबर भी आई थी।
तेल टैंकर पर हमले में मारे गए भारतीय का नाम अब तक सामने नहीं आया है। सूत्रों का कहना है कि इस तेल टैंकर में कुल 28 लोग सवार थे। एक भारतीय की मौत हो गई है। इसके अलावा 27 क्रू मेंबरों और अन्य कर्मचारियों को बसरा में सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार ईरान ने कुल दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया, जिनमें से एक सेफसी विष्णु में सवार भारतीय की मौत हुई है। इस मामले में तेल टैंकर का संचालने करने वाली कंपनी का बयान भी आया है, उसने भारतीय नागरिक के मारे जाने पर दुख जाहिर किया है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

