गुरुग्राम: सोहना-पलवल रोड पर नूंह सीआईए और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़, एक की मौत, दो फरार

  • Share on :

गुरुग्राम। सोहना-पलवल रोड पर गांव सिलानी मोड़ के पास गुरुवार तड़के सीआईए नूंह की टीम और गौतस्करी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से शाहिद उर्फ आडवानी (27), निवासी खरखड़ी, नूंह की मौत हो गई। वहीं, उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब चार बजे की है। सीआईए नूंह की टीम को गौतस्करी के आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा शुरू किया। आरोपी थार गाड़ी नंबर HR 51 BR 6483 में दो गायों को लेकर जा रहे थे। सिलानी मोड़ के पास पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ के दौरान शाहिद उर्फ आडवानी को गोली लग गई। पुलिस टीम ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन दोनों फरार आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।
घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोहना में रखवाया गया। वहीं, सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की जांच की। गाड़ी में मौजूद गायों की स्थिति और उनकी जांच के लिए पशु चिकित्सक को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में लेकर उसकी भी जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के भागने की दिशा और उनके बारे में सुराग मिल सके।
साभार अमर उजाला 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper