ग्वालियर की बेटियों ने रचा इतिहास : सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में म. प्र. बना नेशनल चैंपियन
ब्यूरो चीफ दिव्यानंद अर्गल
ग्वालियर। अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल जगत से ग्वालियर और चंबल संभाग के लिए एक गौरवशाली खबर सामने आई है। झारखंड के कुमैठा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश की टीम ने अपना दबदबा कायम करते हुए फाइनल मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की है। विजेता टीम के ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुँचने पर जोरदार स्वागत किया गया।
मैदान पर दिखाया दम :दिग्गज टीमों को दी शिकस्त
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम ने चैंपियनशिप के सफर में:
झारखंड (मेजबान टीम) उत्तर प्रदेश, बिहार
जैसी मजबूत टीमों को करारी शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की और अंततः नेशनल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रेम नगर की बेटी दीप्ति ने बढ़ाया मान
इस जीत की सबसे खास बात चंबल की माटी की बेटी दीप्ति रैपुरिया का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। दीप्ति मूल रूप से भिंड जिले
की गर्मी तहसील के ग्राम प्रेम नगर ( सोंध ) की रहने वाली है। एक छोटे से गांव से निकलकर नेशनल लेवल पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दीप्ति ने न केवल अपने जिले का, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। दीप्ति जैसी खिलाड़ी इस बात का प्रमाण हैं कि अगर प्रतिभा को सही दिशा मिले, तो छोटे गांवों की बेटियां भी आसमान छू सकती हैं।
रेलवे स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
खिताब जीतकर जब टीम ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुँची, तो माहौल उत्सव जैसा था। दीप्ति रैपुरिया के माता-पिता सहित खेल प्रेमियों और परिजनों ने पूरी टीम का पुष्पमालाओं और मिठाइयों के साथ स्वागत किया। अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर माता-पिता भावुक नजर आए और उन्होंने पूरी टीम को आशीर्वाद देते हुए सभी बच्चियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। यह जीत मध्य प्रदेश में महिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट के बढ़ते कद को दर्शाती है दीप्ति और उनकी पूरी टीम ने यह साबित कर दिया की मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को को हासिल किया जा सकता है अब इन खिलाड़ियों का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराना है।

