राहुल और स्टब्स के अर्धशतक पड़े भारी, दिल्ली कैपिटल्स ने बेंगलुरु में गाड़ा जीत का झंडा

  • Share on :

बंगलूरू। केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को छह विकेट से हराया। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 175 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली ने चार विकेट पर 179 रन बनाकर मैच जीत लिया। दिल्ली के लिए राहुल और स्टब्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी की, लेकिन आखिरी ओवर में डेविड मिलर ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर मैच फिनिश किया। 
दिल्ली को पिछले दो मैच में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन टीम ने आरसीबी के खिलाफ जोरदार वापसी की और जीत दर्ज करने में सफल रही। वहीं, मौजूदा सीजन में आरसीबी की ये दूसरी हार है। आरसीबी छह मैचों में चार जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, जबकि पांच मैचों में तीसरी जीत दर्ज कर दिल्ली की टीम शीर्ष चार में पहुंच गई है। 
आरसीबी के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही है और उसे भुवनेश्वर कुमार ने शुरुआती झटके दिए। भुवनेश्वर कुमार ने पाथुम निसांका को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका जो एक रन बनाकर आउट हुए। फिर भुवी ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे करुण नायर को पांच गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर आउट किया। भुवनेश्वर यहीं नहीं रुके और उन्होंने समीर रिजवी के रूप में दिल्ली को तीसरा झटका दिया। दिल्ली ने इस तरह 18 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। 
शुरुआती झटकों के बाद केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों पर 69 रनों की साझेदारी की। केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर अपना अर्धशतक जड़ा। हालांकि, क्रुणाल पांड्या ने केएल राहुल को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को चौथा झटका दिया। राहुल 34 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों के सहारे 57 रन बनाकर आउट हुए।
राहुल के आउट होने के बाद ट्रिस्टन स्टब्स और अक्षर पटेल के बीच पांचवें विकेट के लिए साझेदारी हुई जिससे टीम का स्कोर 120 रन के पार पहुंचा। ये साझेदारी और बड़ी होती उससे पहले दिल्ली को झटका लगा क्योंकि कप्तान अक्षर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। अक्षर और स्टब्स के बीच पांचवें विकेट के लिए अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन उन्हें खिंचाव आ गया जिस कारण वह मैदान से बाहर चले गए। अक्षर 19 गेंदों पर 26 रन बना चुके थे।
अक्षर के पवेलियन लौटने के बाद स्टब्स ने मोर्चा संभाला और एक छोर से टिके रहे। स्टब्स ने पचासा पूरा किया, लेकिन मैच अंत में फंस गया था। दिल्ली को आखिरी ओवर में जीत के लिए 15 रनों की जरूरत थी। आरसीबी ने रोमारियो शेफर्ड को गेंद सौंपी। मिलर और स्टब्स ने शुरुआती दो गेंदों पर एक-एक रन लिए। इसके बाद मिलर ने तीसरी और चौथी गेंद पर छक्का लगाया और पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर टीम को जीत दिला दी। स्टब्स ने 47 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 60 रन बनाए, जबकि मिलर ने 10 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 22 रनों की नाबाद पारी खेली। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट लिए, जबकि क्रुणाल पांड्या को एक सफलता मिली। 
इससे पहले, दिल्ली ने टॉस जीतकर आरसीबी को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। सॉल्ट ने पहले विकेट के लिए विराट कोहली के साथ 31 गेंद में 52 रन और दूसरे विकेट के लिए देवदत्त पडिक्कल के साथ 29 गेंद में 47 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, लेकिन 11वें ओवर में उनके आउट होने के बाद टिम डेविड के अलावा कोई भी बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना सका। आरसीबी के लिए सॉल्ट ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए, जबकि टिम डेविड ने 26 रनों की पारी खेली। विराट कोहली ने 19, देवदत्त पडिक्कल ने 18 और जितेश शर्मा ने 14 रन बनाए। दिल्ली की ओर से लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट लिए, जबकि मुकेश कुमार को एक सफलता मिली।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper