हार्दिक गुजरात छोड़ने को तैयार,  मुंबई में जाएंगे!

  • Share on :

मुंबई। 2022 में तो गुजरात की टीम चैंपियन बनी थी। अब खबरें आ रही हैं कि हार्दिक गुजरात छोड़ने को तैयार हैं और मुंबई उन्हें ट्रेड विंडो से अपनी टीम में शामिल करना चाहती है। गुजरात भी हार्दिक को रिलीज करने के लिए तैयार है। हालांकि, मुंबई के पास फिलहाल फंड की कमी है। 26 को ट्रांसफर विंडो बंद हो जाएगी। मुंबई को उससे पहले ही रकम चुकानी होगी। डील लगभग तय है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई को हार्दिक के वेतन के रूप में 15 करोड़ रुपये (लगभग 1.8 मिलियन डॉलर) और टाइटंस को ट्रांसफर फी का भुगतान करना होगा। ट्रांसफर फीस की रकम क्या है, इस बारे में अब तक जानकारी नहीं मिल सकी है। हार्दिक को ट्रांसफर फीस का 50 प्रतिशत तक मिलेगा। हार्दिक ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत भी मुंबई इंडियंस से 2015 में की थी।
यह देखना भी दिलचस्प होगा कि लगभग 10 साल बाद क्या मुंबई को एक नया कप्तान मिलेगा? हार्दिक फिलहाल गुजरात के कप्तान हैं और मुंबई में उन्हें कप्तानी सौंपी जाती है या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा। रोहित 2013 से मुंबई के कप्तान हैं। उनकी जगह हार्दिक को लीड करने का मौका मिल सकता है। हार्दिक टीम इंडिया के टी20 कप्तान भी हैं और अब तक अच्छी कप्तानी की है। रोहित के टी20 में अनिश्चित भविष्य को देखते हुए मुंबई यह फैसला कर सकता है।
अगर यह सौदा होता है तो यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा प्लेयर ट्रेड होगा। हालांकि, दोनों फ्रेंचाइजी ने अभी तक इस पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है। मुंबई के लिए सबसे बड़ी चुनौती ट्रेड के लिए पर्याप्त पर्स रखना है। पिछली नीलामी के बाद, मुंबई के पास सिर्फ 0.05 करोड़ रुपये (लगभग 6000 यूएस डॉलर) बचे थे। फ्रेंचाइजी को आगामी नीलामी के लिए अपने पर्स में अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये (लगभग 600,000 यूएस डॉलर) मिलेंगे।
इसका मतलब यह है कि मुंबई को हार्दिक को शामिल करने के लिए एक या दो बड़े प्लेयर को रिलीज करने की जरूरत है। रिटेंशन की समय सीमा 26 नवंबर को शाम चार बजे समाप्त हो रही है। 26 को ही पता चल जाएगा कि कौन सी टीम किस खिलाड़ी को रिटेन कर रही है और किसे रिलीज कर रही है। रिलीज होने वाले खिलाड़ियों को ऑक्शन में उतरना होगा।
हार्दिक ने 2022 में गुजरात टाइटंस को अपने पहले ही आईपीएल सीजन में खिताब दिलाया था। हार्दिक राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। 2023 में टाइटंस ने लगातार दो सीजन में दूसरी बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई, जहां वह चेन्नई सुपर किंग्स से हार गए। दोनों सीजन में हार्दिक की अगुआई में टाइटंस लीग स्टेज में अंक तालिका में टॉप पर रही थी। हार्दिक और कोच आशीष नेहरा की जोड़ी सुपरहिट रही थी। टाइटंस के लिए दो सीजन में हार्दिक ने 30 पारियों में 41.65 की औसत और 133.49 के स्ट्राइक रेट के साथ 833 रन बनाए। उन्होंने 8.1 की इकोनॉमी के साथ 11 विकेट भी लिए। 
हार्दिक इस समय चोटिल हैं और उन्हें भारत के वनडे विश्व कप अभियान के दौरान टखने में चोट लगी थी। अगर हार्दिक मुंबई में शामिल होते हैं तो ट्रेड विंडो से टीम बदलने वाले आईपीएल के तीसरे कप्तान होंगे। इससे पहले 2020 में रविचंद्रन अश्विन को दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स से अपनी टीम में ट्रेड से शामिल किया था। वहीं, 2020 में ही अजिंक्य रहाणे को दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड किया था।
वैश्विक फंड मैनेजर सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स के स्वामित्व वाली टाइटंस फ्रेंचाइजी जब 2021 में अस्तित्व में आई थी, तो उन्हें मेगा नीलामी से पहले अन्य फ्रेंचाइजी द्वारा जारी पूल से तीन खिलाड़ियों को चुनने की अनुमति दी गई थी। टाइटंस ने हार्दिक और अफगानिस्तान के ऑलराउंडर राशिद खान को 15 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया, जबकि शुभमन गिल को सात करोड़ रुपये में टीम से जोड़ा गया। हालांकि, गुजरात टाइटंस से दो सीजन खेलने के बाद हार्दिक उस टीम में लौटने को तैयार हैं जहां उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की और खेल के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में से एक के रूप में विकसित हुए।
साभार अमर उजाला, 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper