इंदौर में दुष्कर्म के आरोप में प्रधान आरक्षक गिरफ्तार, चंदननगर थाने की हवालात में गुजरी रात
मुस्लिम महिला की शिकायत पर हुई कार्रवाई, डीसीपी ने लाइन अटैच कर कराई तत्काल गिरफ्तारी
इंदौर।
चंदननगर थाना क्षेत्र में पदस्थ प्रधान आरक्षक अंचल तिवारी को एक मुस्लिम महिला से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला की शिकायत पर शनिवार रात गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। गिरफ्तारी से पहले जोन-4 के डीसीपी सुनील मेहता ने आरोपी प्रधान आरक्षक को लाइन अटैच करने के निर्देश दिए, जिसके बाद उसे थाने बुलाकर वर्दी उतरवाई गई और तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि पीड़िता ने पूर्व में एक अन्य मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के लिए प्रधान आरक्षक अंचल तिवारी उसके संपर्क में आया था। महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपी प्रधान आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया। विडंबना यह रही कि जिस चंदननगर थाने में वह पदस्थ था, उसी थाने की हवालात में उसे पूरी रात बितानी पड़ी।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

