दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों की जनसुनवाई में सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
साहिल खान
शहडोल, 29 सितंबर 2026। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति एवं अपर कलेक्टर श्रीमती निमिषा पाण्डेय ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम सन्नौसी, तहसील जयसिंहनगर निवासी रोहित पटेल ने ग्राम सन्नौसी के खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने, टेक्निकल स्कूल के पास शहडोल निवासी रामलाल श्रीवास्तव ने 85 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 30 प्रतिशत पेंशन वृद्धि, वार्ड क्रमांक 25 बस स्टैंड निवासी सेवानिवृत्त माध्यमिक शिक्षक रामप्रबोध मिश्रा ने अर्जित अवकाश एवं अर्द्धअवकाश के नगदीकरण, ग्राम कुसमी तहसील जयसिंहनगर निवासी बाबूलाल पाव ने वनाधिकार के तहत पट्टा दिलाने तथा ग्राम छुही पोस्ट बरा तहसील ब्यौहारी निवासी रामपती यादव ने अति गरीबी राशन कार्ड बनवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, डिप्टी कलेक्टर श्री भगीरथी लहरे, श्रीमती अन्तोनिआ एक्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

