कहीं 'लू' का टॉर्चर, कहीं बारिश की बौछार: उत्तर भारत में पारा 45 पार, पूर्वोत्तर राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी

  • Share on :

नई दिल्ली। देश में मौसम के दो अलग-अलग रूप साथ देखने को मिल रहे हैं। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है। मध्य भारत के पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी गर्म हवाओं का असर जारी रहेगा। सिर्फ दिन ही नहीं, रातें भी गर्म रहने वाली हैं।
उत्तर प्रदेश, हरियाणा और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ‘गरम रात’ की स्थिति दर्ज की गई है, जहां न्यूनतम तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। इससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही है। दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत में मौसम पूरी तरह अलग है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 अप्रैल से 2 मई तक तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आंधी, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि 28 अप्रैल के बाद उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इसके साथ ही 29 अप्रैल से कई हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper