हेटमायर का तूफान और मोती की फिरकी: वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से रौंदा

  • Share on :

मुंबई। शिमरॉन हेटमायर की शानदार बल्लेबाजी के बाद गुडाकेश मोती की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से वेस्टइंडीज ने टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले में जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराया। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 254 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई। जिम्बाब्वे के लिए ब्रैड इवांस ने अंत में विस्फोटक बल्लेबाजी की, लेकिन वह भी टीम को जीत नहीं दिला सके। यह टी20 में वेस्टइंडीज की रनों के लिहाज से दूसरी बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2024 में  युगांडा को 134 रनों से हराया था।
वेस्टइंडीज की धमाकेदार जीत से ग्रुप-1 की अंक तालिका में बड़ा फेरबदल हुआ है। वेस्टइंडीज की टीम शीर्ष पर पहुंच गई है और उसका नेट रन रेट +5.350 है। वहीं, दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका की टीम है जिसका नेट रन रेट +3.800 है। भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था और उसका नेट रन रेट  -3.800 है और तीसरे स्थान पर है। मालूम हो कि ग्रुप से शीर्ष दो टीमें ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर सकेंगी। 
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। गुडाकेश मोती और अकील हुसैन के फिरकी के जादू से वेस्टइंडीज ने मैच में पकड़ बना ली। बाएं हाथ के स्पिनर मोती (28 रन पर चार विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे की पारी पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने 21 गेंद में पांच छक्कों और दो चौकों से सर्वाधिक 43 रन बनाए। उनके अलावा डियोन मायर्स (28) और कप्तान सिकंदर रजा (27) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी इस कदर खराब रही कि उसके चार बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके। वेस्टइंडीज के लिए मोती के अलावा बाएं हाथ के स्पिनर हुसैन ने 28 रन देकर तीन, जबकि मैथ्यू फोर्ड ने 27 रन देकर दो विकेट चटकाए।
शिमरॉन हेटमायर और रोवमैन पोवेल के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से वेस्टइंडीज ने टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने इसे गलत साबित करने में ज्यादा देर नहीं लगाई। इस दौरान दो बार हेटमायर के कैच छूटे, लेकिन उन्होंने इस जीवनदान का पूरा फायदा उठाया। हेटमायर ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 34 गेंद में सात छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 85 रन की पारी खेलने के अलावा पोवेल (59 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंद में 122 रन की साझेदारी करके वेस्टइंडीज को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। शेरफेन रदरफोर्ड ने भी 13 गेंद में दो छक्कों और तीन चौकों से नाबाद 31 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
वेस्टइंडीज ने तीसरे ओवर में ब्रेंडन किंग (09) का विकेट गंवाया जिन्होंने नगारवा की गेंद पर ताशिंगा मुसेकिवा को कैच थमाया। वेस्टइंडीज ने पावरप्ले में दो विकेट पर 55 रन बनाए। हेटमायर ने नगारवा पर चौके से खाता खोला जबकि मुजरबानी की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए। उन्होंने नगारवा के अगले ओवर में भी लगातार दो चौके जड़े। हेटमायर ने 10वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। हेटमायर की पारी का अंत क्रेमर ने किया। जिम्बाब्वे की ओर से रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी ने क्रमश: 47 और 42 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। कप्तान सिकंदर रजा ने तीन ओवर में 52 रन लुटाए।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper