हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने पकड़ा लव जिहाद का मामला सरवटे बस स्टैंड स्थित जैन होटल में युवक-युवती पकड़े जाने का मामला, प्रकरण दर्ज
राजेश धाकड़
इंदौर के सरवटे बस स्टैंड स्थित जैन होटल में हिंदू जागरण मंच जिला इकाई के सह संयोजक प्रशांत वर्मा एवं सह संयोजक संतोष सिंह जाधव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक युवक को युवती के साथ होटल के कमरे में पकड़ा। कार्यकर्ताओं द्वारा युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर लाने का आरोप लगाया गया है।
आरोपी युवक की पहचान याकीन खान, निवासी सवाई माधोपुर, राजस्थान के रूप में बताई जा रही है। वहीं युवती महाराष्ट्र के एक गांव की रहने वाली बताई गई है। मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद दोनों को थाना छोटी ग्वालटोली लाया गया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक पूछताछ के बाद युवक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवती के बयान एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की जांच एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि वे इस प्रकार के मामलों को लेकर सतर्क हैं और समाज को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

