खनियाधाना विकासखंड में पहाड़ा प्रतियोगिता का ऐतिहासिक आयोजन

  • Share on :

टॉप 5  छात्रों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को कलेक्टर महोदय से संवाद का मिलेगा स्वर्णिम अवसर
दैनिक रणजीत टाइम्स संवाददाता जगदीश पाल
खनियाधाना विकासखंड में  शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की गणितीय दक्षता, त्वरित गणना क्षमता एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष पहाड़ा प्रतियोगिता का  आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता शिक्षा के क्षेत्र में एक नवाचारपूर्ण और प्रेरणादायी पहल के रूप में सामने आ रही है। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए खनियाधाना बीआरसीसी संजय भदोरिया ने बताया कि। प्रतियोगिता का प्रथम चरण  विकासखंड के शासकीय विद्यालयो में 27 दिसंबर 2025 को विद्यालय स्तर पर आयोजित किया जाएगा। विद्यालय स्तर से चयनित प्रतिभागी 6जनवरी 2025 को संबंधित जन शिक्षा केंद्र पर आयोजित प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगे। जन शिक्षा केंद्र स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी संबंधित जन शिक्षा केंद्र के सीएसी (CAC) रहेंगे, जिनके मार्गदर्शन एवं समन्वय में प्रतियोगिता संपन्न कराई जाएगी। इस स्तर पर प्रत्येक जन शिक्षा केंद्र से तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें ब्लॉक स्तर के लिए भेजा जाएगा।
इसके पश्चात 10 जनवरी 2026 को ब्लॉक स्तरीय मुख्य पहाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। ब्लॉक स्तर की इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता का संचालन एवं मूल्यांकन खनियाधाना विकासखंड के   बीएसी,, सीएसी   तथा विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के पैनल द्वारा किया जाएगा, जो पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ प्रतियोगिता को संपादित कराएंगे।
ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप फाइव छात्र-छात्राओं को पहाड़ा प्रतियोगिता का विजेता घोषित किया जाएगा। इस संपूर्ण प्रतियोगिता में प्रत्येक जन शिक्षा केंद्र से आदिवासी छात्र-छात्राओं को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा तथा ब्लॉक मुख्यालय पर होने वाली प्रतियोगिता में भी आदिवासी छात्र चयनित होकर आए इसका विशेष प्रयास रहेगा इस अवसर पर ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परियोजना समन्वयक श्री दफेदार सिंह जी सिकरवार विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनकी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में संपूर्ण प्रतियोगिता का सफल संचालन किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह एवं आत्मविश्वास और अधिक बढ़ेगा।
प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण यह रहेगा कि चयनित विजेता छात्र-छात्राओं एवं उनकी तैयारी कराने वाले शिक्षकों  को  श्रीमान कलेक्टर महोदय एवं जिला पंचायत शिवपुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी महोदय के साथ चाय पर चर्चा करने का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त होगा। इस दौरान विजेता  छात्र  और उनके मार्गदर्शन शिक्षक  शिक्षा  व्यवस्था की जमीनी हकीकत, अपने अनुभव और सुझाव सीधे जिला प्रशासन के समक्ष साझा करेंगे इस अवसर  पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री विवेक श्रीवास्तव एवं जिला परियोजना  समन्वयक श्री दफेदार सिंह जी सिकरवार भी उपस्थित रहेंगे
इसके अतिरिक्त, विजेता विद्यार्थियों को बीआरसीसी कार्यालय, खनियाधाना की ओर से प्रमाण पत्र, शील्ड एवं उपहार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही उन्हें शिवपुरी जिला मुख्यालय ले जाकर कलेक्टर महोदय  एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी महोदय के साथ विशेष बैठक में सम्मिलित कराया जाएगा, जो उनके लिए एक गौरवपूर्ण  पल होगा 
यह प्रतियोगिता न केवल विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करेगी, बल्कि प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर शिक्षा को और अधिक प्रभावी एवं व्यवहारिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper