केएमपी एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक और ईको की जोरदार टक्कर, 3 मजदूरों की मौत, 9 घायल
सोनीपत। सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर वीरवार सुबह करीब पांच बजे भीषण सडक़ हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। हादसा गोपालपुर गांव की सीमा के पास हुआ, जहां मजदूरों से भरी ईको गाड़ी की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के गांव बड़ेपुरा निवासी करीब 11 मजदूर और ईको चालक समेत 12 लोग झज्जर की ओर बाजरा काटने के लिए जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे उनकी ईको गाड़ी गोपालपुर गांव की सीमा के पास केएमपी एक्सप्रेसवे पर पहुंची।
इसी दौरान कार की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में ईको गाड़ी सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में रामनरेश पुत्र रामचंद्र निवासी गांव बड़ेपुरा शामिल है। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। दो शवों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया है, जबकि एक शव क्षतिग्रस्त ईको कार में फंसा हुआ था उसे बाहर मशक्कत से बाहर निकाला गया है।
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान विवेक पुत्र प्रभुदयाल, छोटू पुत्र खुशहाली, हरिशंकर पुत्र नेतराम, खुशहाली, फातिलाल पुत्र बुद्धसिंह, महेंद्र पाल पुत्र रामसहाय, संजीव पुत्र रामपाल, प्रमोद पुत्र रामरती और नेवाराम के रूप में हुई है। सभी घायल गांव बड़ेपुरा, जिला पीलीभीत के रहने वाले बताए गए हैं।
साभार अमर उजाला

