मथुरा जा रही ट्रेन में खौफनाक वारदात: मां-बाप के सामने बेटे को लात मारकर चलती ट्रेन से नीचे फेंका, मौत

  • Share on :

मथुरा। उत्तर प्रदेश के हाथरस से मथुरा आ रही ट्रेन में शुक्रवार को रोंगटे खड़े कर देने वाली एक वारदात सामने आई। ट्रेन में गेट के पास बैठने को लेकर हुए विवाद में अलीगढ़ के एक युवक ने हाथरस के रहने वाले एक लड़के को उसके मां-बाप के सामने लात मार कर चलती ट्रेन से फेंक दिया। लड़के की दर्दनाक मौत हो गई। यात्रियों और परिवारीजनों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर पहुंची जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जिस किसी ने इस वारदात को अपनी आंखों के सामने होते देखा वो सन्न रह गया। लोग उस पल को भूल नहीं पा रहे हैं जब युवक ने लड़के को लात मारी और चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया।
हाथरस के गांव रानी का नगला की रहने वाली संजू देवी- लख्मी चंद्र अपने बेटों अनुज और जतिन के साथ शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे हाथरस से मथुरा के लिए ट्रेन में बैठे थे। दोपहर दो बजे ट्रेन जब राया और लक्ष्मी नगर के बीच में थी, तभी गेट के पास बैठने को लेकर जतिन का अलीगढ़ के रहने वाले विजेंद्र से विवाद हो गया। दोनों के बीच झगड़ा बढ़ता गया। आरोप है कि इसी कहासुनी के दौरान विजेंद्र ने जतिन को लात मार दी। लात लगने से जतिन चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।
बताया जा रहा है कि विजेंद्र ने जब जतिन को लात मारी तो वहां आसपास कई यात्री मौजूद थे। वे यह देखकर सन्न रह गए। जतिन के माता-पिता भी वहीं थे। इस वारदात से ट्रेन में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों में से किसी ने चेन खींचकर ट्रेन रोकी। ट्रेन रुकने पर जतिन के माता-पिता नीचे उतरे। इसके बाद जतिन को अस्पताल ले जाने का इंतजाम किया गया। माता-पिता किसी तरह जतिन को लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन तब तक जतिन की मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आसपास मौजूद यात्रियों ने विजेंद्र को पकड़ लिया। उन्होंने जीआरपी को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे जीआरपी के जवानों ने विजेंद्र को हिरासत में ले लिया। जतिन के माता-पिता ने विजेंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper