भीषण सड़क हादसा: बुधनी से शादी समारोह से लौट रहे 5 लोगों की दर्दनाक मौत, टवेरा के उड़े परखच्चे

  • Share on :

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। माखननगर थाना क्षेत्र में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब एक से दो बजे के बीच नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा गांव के पास यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।
जानकारी के मुताबिक, महेंद्रवाड़ी और माखननगर के रहने वाले लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर बुधनी से टवेरा गाड़ी में सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। बताया जा रहा है कि क्रॉसिंग के समय टवेरा अनियंत्रित हो गई और ट्रॉली के साइड में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टवेरा वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों और मृतकों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं छह से सात घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कम दृश्यता, रात का समय या चालक की लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जिला अस्पताल में रातभर मृतकों के परिजन और ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। शादी की खुशियां कुछ ही पलों में गहरे दुख में बदल गईं, जिससे हर कोई स्तब्ध है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper