दरभंगा में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बुलेट, सेना के जवान समेत तीन युवकों की मौत
दरभंगा। दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान पूर्वी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एसएच-56 पर धबौलिया पुल के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में छुट्टी पर घर आए एक आर्मी जवान भी शामिल हैं। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने कुशेश्वरस्थान-दरभंगा मुख्य मार्ग (एसएच-56) को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद और आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास शुरू किया।
बताया जाता है कि शनिवार शाम करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच धबौलिया से कुशेश्वरस्थान की ओर एक बुलेट बाइक पर तीन युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान धबौलिया पुल पर पहले से खड़े ट्रक के पीछे तेज रफ्तार बुलेट जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए तीनों घायलों को करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित कुशेश्वरस्थान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहम्मद सोहराब ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
साभार अमर उजाला

