डिंडोरी में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने पिकअप को रौंदा, 5 ग्रामीणों की मौके पर मौत
मध्य प्रदेश के डिंडोरी में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर एक पिकअप को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एक शख्स गंभीर रूप से घायल भी हुआ है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना के बारे में पूछताछ करने पर ट्रक ड्राइवर ने बताया कि 5 लोग बीच सड़क पर खड़े थे, इस दौरान उसे कुछ दिखा नहीं और टक्कर हो गई।
मामला शनिवार देर रात एक बजे की है। जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर किकरातालाब गांव के पास हादसा हुआ। हादसे में मारे गए 5 लोग अपने गांव की तरफ लौट रहे थे। अब इन 5 लोगों की अर्थी गांव पहुंचेगी।
मिली जानकारी के अनुसार, जब पिकअप पर बैठकर ग्रामीण अपने गांव की तरफ लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे पर एक ट्रक पंक्चर होकर अनियंत्रित हो गया और एक पिकअप को रौंद दिया। पिकअप में बैठे 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है।
इस घटना की जानकारी देते हुए एसपी वाहनी सिंह से ड्राइवर ने बताया कि ट्रक पंक्चर होने के बाद वो लोगों को देख नहीं सका और रौंदते हुए ट्रक उनपर चढ़ा दी। ड्राइवर ने बताया कि सभी मृतक बीच सड़क पर खड़े थे, तभी यह हादसा हो गया।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

