सुपौल में भीषण सड़क हादसा: NH-327E पर कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने रौंदा, 5 की मौत, 1 गंभीर
सुपौल। सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कटैया चौक के समीप NH-327E पर सड़क किनारे कीर्तन कर रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, कटैया चौक के पास झूलन पूजा के मौके पर कुछ लोग सड़क किनारे कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित हो गई और कीर्तन कर रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में तिलो दास, राजो दास और सुरेंद्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल भुवनेश्वरी यादव और कृष्णा साह की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह घटना में अब तक कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, घायल रामचंद्र यादव को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। दुर्घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया। इससे NH-327E पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और जाम हटाने की कोशिश शुरू की।
साभार अमर उजाला

