मुंबई कोस्टल रोड पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू दुर्घटनाग्रस्त, 3 की मौत और 1 गंभीर
मुंबई। मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसा करीब सुबह 5:20 बजे लोटस जेट्टी के पास हुआ। बीएमसी के अनुसार, एक बीएमडब्ल्यू कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर तेज रफ्तार के कारण चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद कार में सवार सभी चार लोगों को नायर अस्पताल ले जाया गया। इनमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस के अनुसार, हादसे की घटना 20 सितंबर की सुबह करीब 5:20 बजे हुई।
बृहन्मुंबई नगर निगम की ओर से जारी बयान के मुताबिक, नायर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा है कि मृतकों की पहचान शनाय गजल (21) और धीरिया सेठ (17) के रूप में हुई है, जबकि एक अज्ञात 25 वर्षीय युवक को भी मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, एक 20 वर्षीय अज्ञात युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।
साभार अमर उजाला

