सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों का बड़ा हमला: रियाद और अरामको के तेल ठिकाने पर मिसाइल और ड्रोन से निशाना साधने का दावा
नई दिल्ली. यमन के हूती विद्रोहियों ने शनिवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद के संवेदनशील स्थानों पर मिसाइलें और ड्रोन दागने का दावा किया. यह दावा रियाद के मुख्य एयरपोर्ट के पास आग और धुएं का काला गुबार देखे जाने के कुछ घंटो बाद किया गया.
वहीं, सऊदी अरब के सैन्य गठबंधन ने बताया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने रियाद की ओर आ रही एक मिसाइल को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया. सऊदी अधिकारियों ने संभावित हवाई हमले के मद्देनजर रात भर लोगों को अलर्ट पर रखा था. शनिवार सुबह अधिकारियों ने बताया कि स्थिति सामान्य है.
हूती विद्रोहियों ने रियाद में जिन जगहों को निशाना बनाने का दावा किया है कि उनके बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं दी है. साथ ही, उन्होंने लाल सागर के तट पर स्थित सऊदी अरब के तेल निर्यात के मुख्य केंद्र, यानबू में अरामको की एक सुविधा पर भी हमले का दावा किया. हूतियों का कहना है कि ये हमले यमन की राजधानी सना में हुए हमले के जवाब में किए गए थे.
साभार आज तक

