उप्पल में हैदराबाद का राज: पंजाब को 33 रनों से दी मात, टॉप पर जमाया कब्जा
हैदराबाद। पंजाब किंग्स के खिलाफ राजीव गांधी स्टेडियम में लगातार नौवीं जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। बुधवार को खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 235 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 202 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। कूपर कोनोली ने इस मुकाबले में शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
हैदराबाद की इस जीत से अंक तालिका में बड़ा बदलाव हुआ है। 11 में सात मुकाबले जीतकर टीम 14 अंक और +0.737 के नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर पहुंच गई। वहीं, पंजाब किंग्स दूसरे पायदान पर है। तीसरे स्थान पर आरसीबी है और चौथे पायदान पर राजस्थान रॉयल्स मौजूद है। एक स्थान पर किसी एक टीम के खिलाफ आईपीएल में सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने वाली हैदराबाद दूसरी टीम बन गई। उप्पल में टीम में 11 में से 10 मैच जीते हैं, जिनमें नौ बार हैदराबाद ने लगातार जीत दर्ज की।
236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज चार के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे। इसके बाद कूपर कोनोली ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर (5) के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 रन जोड़े, जबकि मार्कस स्टोइनिस (28) के साथ 20 गेंदों में 40 रन की साझेदारी की। इस टीम को 63 के स्कोर पर चौथा झटका लगा, जिसके बाद कॉनली ने सूर्यांश शेडगे के साथ पांचवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 47 रन जोड़कर टीम को परेशानी से निकालने की कोशिश की। सूर्यांश ने 17 गेंदों में 25 रन की पारी खेली।
कूपर कोनोली ने 19.4 ओवर में अपना पहला आईपीएल शतक पूरा किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। कॉनली 59 गेंदों में आठ छक्कों और सात चौकों के साथ 107 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से शिवांग कुमार और पैट कमिंस ने दो-दो विकेट अपने नाम किए, जबकि नीतीश रेड्डी, ईशान मलिंगा और साकिब हसन ने एक-एक विकेट निकाला।
इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने 236 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया और एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। यह 8वीं बार है जब हैदराबाद ने पंजाब के खिलाफ 200+ स्कोर बनाया, जिससे उसने मुंबई इंडियंस की बराबरी कर ली, जिसने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आठ बार ऐसा किया है।
हैदराबाद की पारी की शुरुआत बेहद तेज रही। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने सिर्फ 3.3 ओवर में 54 रन जोड़ दिए। अभिषेक ने 13 गेंदों पर 35 रन (4 छक्के, 2 चौके) ठोके, जबकि हेड ने 19 गेंदों में 38 रन बनाए। इसके बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 88 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। ईशान ने 32 गेंदों में 55 रन बनाए, जबकि क्लासेन ने 43 गेंदों में 69 रन की आक्रामक पारी खेली। अंत में नितीश रेड्डी ने 13 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाकर टीम को 236 तक पहुंचाया। इस पारी में हैदराबाद ने कुल 17 छक्के लगाए, जो पंजाब के खिलाफ उनका एक पारी में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड है।
गेंदबाजी में पंजाब के लिए दिन अच्छा नहीं रहा। मार्को यानसेन ने चार ओवर में 61 रन दे दिए और कोई विकेट नहीं लिया। यह दूसरी बार है जब उन्होंने आईपीएल में 60+ रन लुटाए। वहीं अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार विशाक ने एक-एक विकेट लिया। आईपीएल इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा बार 60+ रन देने के मामले में अर्शदीप सिंह तीन बार के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि यानसेन, एनरिक नॉर्त्जे और विशाक दो-दो बार ऐसा कर चुके हैं।
साभार अमर उजाला

