ICC बोर्ड बैठक में बड़े फैसले: ड्रिंक्स ब्रेक में कोचिंग को हरी झंडी, खराब रोशनी में पिंक बॉल का ट्रायल और क्रिकेट कनाडा निलंबित

  • Share on :

अहमदाबाद। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की सोमवार को अहमदाबाद में हुई बोर्ड बैठक में क्रिकेट के विभिन्न प्रारूपों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। बैठक में खिलाड़ियों, कोचों और मैच अधिकारियों से संबंधित नियमों में बदलाव के साथ-साथ टेस्ट क्रिकेट में पिंक बॉल के उपयोग के नए ट्रायल को भी हरी झंडी दी गई।
आईसीसी बोर्ड ने खेल की परिस्थितियों में संशोधन को मंजूरी देते हुए यह फैसला किया है कि अब हेड कोच या उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि निर्धारित ड्रिंक्स इंटरवल के दौरान खिलाड़ियों से परामर्श कर सकेंगे। अब तक मैच के दौरान कोचिंग संबंधी संवाद पर कड़े प्रतिबंध थे, लेकिन नए नियम के तहत तय अंतराल में रणनीतिक चर्चा की अनुमति मिलेगी। माना जा रहा है कि इससे टीमों को मैच की परिस्थितियों के अनुसार बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
आईसीसी बोर्ड ने टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में दोनों पारियों के बीच 15 मिनट का अनिवार्य अंतराल लागू करने को भी मंजूरी दी है। इस कदम का उद्देश्य मैच संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाना, खिलाड़ियों को पर्याप्त तैयारी का समय देना और प्रसारण संबंधी आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से समायोजित करना माना जा रहा है।
बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आईसीसी ने मैच अधिकारियों को हॉक-आई तकनीक के डेटा तक पहुंच देने की मंजूरी दी है। अब यदि किसी गेंदबाज के एक्शन को लेकर संदेह उत्पन्न होता है, तो मैच अधिकारी रिपोर्ट तैयार करने या अवैध गेंदबाजी एक्शन की जांच पर विचार करते समय हॉक-आई से प्राप्त तकनीकी आंकड़ों का उपयोग कर सकेंगे। इससे निर्णय प्रक्रिया को अधिक वैज्ञानिक और सटीक बनाने में मदद मिलेगी।
आईसीसी बोर्ड ने टेस्ट क्रिकेट में पिंक बॉल के उपयोग के ट्रायल को भी मंजूरी दी है। यह प्रयोग उन परिस्थितियों में किया जाएगा जहां खराब रोशनी के कारण खेल बाधित होने की आशंका हो। हालांकि, पिंक बॉल के इस्तेमाल के लिए दोनों टीमों की पूर्व सहमति अनिवार्य होगी। आईसीसी का मानना है कि इस कदम से खराब रोशनी के कारण खेल रुकने की घटनाओं को कम किया जा सकेगा और अधिक ओवरों का खेल संभव हो सकेगा।
आईसीसी बोर्ड ने महिला क्रिकेट के वैश्विक विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। बोर्ड ने आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की नई तारीखों को मंजूरी दी। अब यह टूर्नामेंट जून-जुलाई की बजाय 14 से 28 फरवरी 2027 के बीच खेला जाएगा।
इसके अलावा आईसीसी महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 शुरू करने का फैसला किया गया है। यह 10 टीमों का टूर्नामेंट होगा, जिसमें पांच फुल मेंबर और पांच एसोसिएट सदस्य देश हिस्सा लेंगे। टीमों का चयन रैंकिंग और पिछले महिला टी20 विश्व कप क्वालिफिकेशन प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
आईसीसी ने महिला टी20 विश्व कप 2028 के लिए क्वालिफिकेशन प्रक्रिया को भी मंजूरी दी। यह टूर्नामेंट पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की मेजबानी में आयोजित होगा, जबकि भारत के मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे। 12 टीमों वाले इस टूर्नामेंट में 10 टीमों को सीधे प्रवेश मिलेगा। इनमें 2026 महिला टी20 विश्व कप की शीर्ष आठ टीमें, मेजबान देश (यदि पहले से क्वालिफाई नहीं हो) और 6 जुलाई 2026 की आईसीसी टी20 रैंकिंग के आधार पर अगली सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम शामिल होगी। बाकी दो स्थान ग्लोबल क्वालिफायर के जरिए तय होंगे।
आईसीसी बोर्ड ने सिद्धांत रूप में पुरुष टी20 विश्व कप के लिए ग्लोबल क्वालिफायर प्रणाली को मंजूरी दी है। प्रबंधन को 16 टीमों वाले ग्लोबल क्वालिफायर का प्रारूप और क्वालिफिकेशन संरचना अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप चैलेंज लीग में भाग लेने वाली टीमों को टूर्नामेंट चक्र के दौरान अन्य लिस्ट-ए सीमित ओवरों के मुकाबले खेलने की अनुमति जारी रहेगी।
बोर्ड ने लेग-साइड वाइड के ट्रायल नियम को स्थायी रूप से अपनाने का फैसला किया है। इसके अलावा एमसीसी (मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब) द्वारा प्रस्तावित क्रिकेट कानूनों में बाकी सभी बदलावों को भी 1 अक्तूबर 2026 से लागू करने की मंजूरी दे दी गई है।
आईसीसी बोर्ड ने सदस्यता संबंधी गंभीर उल्लंघनों के चलते क्रिकेट कनाडा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला किया है। हालांकि खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कनाडा की राष्ट्रीय टीमों को आईसीसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की अनुमति जारी रहेगी।
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा कि अहमदाबाद में हुई चर्चा ने आईसीसी की सुशासन, प्रशासनिक सुधार और क्रिकेट के वैश्विक विकास के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट, उभरते क्रिकेट राष्ट्रों और फ्रेंचाइजी प्रतियोगिताओं के प्रबंधन से जुड़े फैसले खेल को निष्पक्ष, प्रतिस्पर्धी और प्रशंसकों के लिए अधिक रोमांचक बनाएंगे।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper